Kanpur । कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया। कुछ ही पलों में हादसा जानलेवा बन सकता था, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान की सूझ-बूझ ने यात्री को नया जीवन दे दिया।
रायबरेली के भदोकर निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह को रायबरेली जाना था, लेकिन गलती से वह गाड़ी संख्या 12403 प्रयागराज–बीकानेर एक्सप्रेस में चढ़ गए। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-01 से रवाना हुई, उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। घबराहट में उन्होंने चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की, तभी संतुलन बिगड़ गया और वह खतरनाक गैप में जा गिरे।
इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल संतोष कुमार की नजर उन पर पड़ गई। बिना देर किए उन्होंने दौड़ लगाई और ट्रेन के साथ घिसट रहे यात्री का हाथ पकड़कर पूरी ताकत से बाहर खींच लिया। कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद आरपीएफ कर्मियों ने यात्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। पानी पीने के बाद वीरेंद्र कुमार भावुक हो उठे। उन्होंने कांस्टेबल संतोष कुमार का आभार जताते हुए कहा कि आज उन्हें आरपीएफ की वजह से ही नया जीवन मिला है।
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने भी जवान की बहादुरी की जमकर सराहना की।आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है।


