Kanpur । शहर में छोटे नालों पर बढ़ते अतिक्रमण और स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों को लेकर नगर निगम सख्त हो गया है। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि एक मीटर से कम चौड़े नालों पर बने रैम्प, पार्किंग और अन्य अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं।नगर निगम सभागार में हुई बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियन्ता,महाप्रबंधक जलकल और मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी समेत सभी जोनल अधिकारियों को 15 दिन के भीतर कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य की गई है, साथ ही मलबा तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं।नगर आयुक्त ने कहा कि नालों पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ती है।
इसे गंभीरता से लेते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 को लेकर भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण और साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बाजारों और व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
मेट्रो स्टेशनों, खासकर मोतीझील क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात सुचारु बना रहे। साथ ही दुकानों के बाहर डस्टबिन लगाने, मैनहोल ढके रखने और सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए


