Kanpur। द्वितीय उत्तर प्रदेश डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला रविवार को फूलबाग स्थित क्राइस्टचर्च मैदान पर खेला गया। इसमें फाइनल मैच में मेरठ की टीम ने कानपुर को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर की टीम निर्धारित 15 ओवरों में 110 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अर्पित ने 31 रन, मो. कलीम ने 27 रन बनाए, तो गेंदबाजी में दुर्गेश यादव ने चार, श्रीकांत मिश्रा ने तीन झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 11 ओवर में नौ विकेट पर 113 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
जीत में दुर्गेश यादव ने 28 रन, मोहित शर्मा ने 12 रन का योगदान दिया, तो गेंदबाजी में अभिषेक तिवारी, प्रशांत और आबिद खान ने तीन-तीन विकेट चटकाए। प्लेयर ऑफ द मैच दुर्गेश यादव को चुना गया। टूर्नामेंट में मेरठ के दुर्गेश को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और कानपुर के अभिषेक को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि मोहित वैद्य ने विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। संचालन आयोजन सचिव शालिनी श्रीवास्तव ने दी। इस मौके पर अनिल कपूर, सौरभ श्रीवास्तव, बलराम सिंह, डॉ. अभिषेक बाजपेई, मनोज अग्रवाल समेत आदि लोग मौजूद रहे।


