Wednesday, March 18, 2026
HomeकानपुरKanpur :  महापौर ने झाड़ू थाम दिया संदेश, बारा देवी मंदिर में...

Kanpur :  महापौर ने झाड़ू थाम दिया संदेश, बारा देवी मंदिर में चला स्वच्छता अभियान

Kanpur । चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर शहर की महापौर प्रमिला पांडेय ने आस्था के साथ स्वच्छता का अनूठा संदेश दिया। उन्होंने बुधवार सुबह प्रसिद्ध बारा देवी मंदिर पहुंचकर स्वयं झाड़ू थामी और मंदिर परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया।

नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महापौर ने तड़के ही मंदिर प्रांगण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केवल अधिकारियों को निर्देश देने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि खुद झाड़ू उठाकर सफाई कार्य की अगुवाई की। उनके इस कदम से मौजूद पार्षदों और लोगों में भी उत्साह देखने को मिला और सभी ने श्रमदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

धुलाई कर चमकाया मंदिर परिसर
सफाई के बाद पूरे मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों को पानी से धोकर स्वच्छ किया गया। कोने-कोने तक झाड़ू लगाकर गंदगी हटाई गई, जिससे मंदिर परिसर पूरी तरह साफ नजर आया।

भक्तों से की खास अपील
अभियान के बाद महापौर प्रमिला पांडेय ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि नवरात्र केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने आसपास के मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखें और पूजा सामग्री को इधर-उधर न फेंककर निर्धारित स्थानों पर ही डालें।

पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने दिया साथ
इस अभियान में कई पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ता भी सक्रिय रहे। सभी ने मिलकर मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।

नौ दिन विशेष व्यवस्था के निर्देश
महापौर ने नगर निगम के स्वास्थ्य और जलकल विभाग को निर्देश दिए हैं कि नवरात्र के नौ दिनों तक सफाई व्यवस्था मजबूत रखी जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी जलभराव या गंदगी की स्थिति न बने।
गौरतलब है कि नवरात्र के दौरान बारा देवी मंदिर में कानपुर सहित आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यह स्वच्छता अभियान श्रद्धालुओं के लिए एक सकारात्मक संदेश लेकर आया है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...