Kanpur । शहर में अवैध प्लॉटिंग और कब्जों पर शिकंजा कसते हुए कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने बुधवार को कल्याणपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। सचेंडी-कल्याणपुर इलाके में करीब 7 बीघा जमीन पर चल रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने गौजा कल्याणपुर नरवल स्थित आराजी संख्या-205 समेत अन्य जमीनों पर अभियान चलाया।
जांच में पाया गया कि भू-माफिया बिना नक्शा पास कराए जमीन पर प्लॉटिंग कर रहे थे और निर्माण कार्य भी तेजी से कराया जा रहा था।प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचते ही अवैध निर्माण को चिन्हित किया और जेसीबी की मदद से ध्वस्तीकरण शुरू कराया। देखते ही देखते कई अस्थायी व पक्के निर्माण जमींदोज कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, प्रवर्तन स्टाफ, प्राधिकरण का सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस मौजूद रही।
केडीए अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के प्लॉटिंग और निर्माण करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रवर्तन जोन-4 के अन्य इलाकों में भी अवैध निर्माण चिन्हित कर लिए गए हैं, जिन पर जल्द ही बुलडोजर चलाया जाएगा।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप है, वहीं स्थानीय लोगों ने इसे जमीन माफियाओं पर सख्त प्रहार बताया है।


