छठवें दिन 12 बीघा में गरजा केडीए का बुलडोजर
छठवें दिन 12 बीघा में गरजा केडीए का बुलडोजर
कानपुर। अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) का सख्त रुख लगातार छठवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को केडीए की प्रवर्तन टीम ने नवाबगंज और बिठूर क्षेत्र में लगभग 12 बीघा भूमि पर चल रही अवैध गतिविधियों पर बुलडोजर चलाकर बड़ी कार्रवाई की।

प्रिया गुप्ता व अन्य की कटरी ख्यौरा स्थित लगभग 5.5 बीघा तथा हिन्दूपुर में लगभग 4.0 बीघा, कुल 9.5 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, एंट्री गेट, पिलर, सीवर लाइन, इंटरलॉकिंग ईंटें और सामान्य ईंटों के साथ-साथ करीब 35 बिजली के खंभे भी हटाए गए। यह कार्रवाई तीन जेसीबी मशीनों की मदद से की गई।
इसके अलावा समृद्धि विहार फेस-2, प्रतापपुर में राहुल सिंह, राजेश कुशवाहा व अन्य द्वारा लगभग 2.5 बीघा क्षेत्र में बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र और अनुमति के किए गए निर्माण को मौके पर ही सील कर दिया गया।
केडीए अधिकारियों ने बताया कि नवाबगंज और बिठूर के अंतर्गत स्थित विभिन्न ग्रामों में करीब 4.5 बीघा क्षेत्रफल की अन्य अवैध प्लाटिंग व निर्माण को भी चिन्हित किया गया है, जिन पर शीघ्र ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।केडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


