एक लाख रुपये की घोषणा के साथ हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
Kanpur । बीसीसीआइ के कंसल्टेंट क्यूरेटर शिव कुमार के निधन के बाद उनके परिवार की आर्थिक मदद को पहला हाथ कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) की ओर से बढ़ाए गए हैं। केसीए के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने क्यूरेटर के परिवार की मदद को एक लाख की धनराशि की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया है कि उनके परिवार को यदि अन्य कोई भी जरूरत होगी तो वह उसे अवश्य पूरा करेंगे। वहीं यूपीसीए ने अभी तक अपने क्यूरेटर के परिवार की मदद के लिए किसी प्रकार का कदम नहीं उठाया है।
उम्मीद है कि वह भी जल्द ही कोई बड़ी घोषणा करेंगे। ग्रीन पार्क के मुख्य पिच क्यूरेटर शिव कुमार का पिछले दिनों स्टेडियम में पिच निर्माण करते समय दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पता चला कि उनकी पत्नी असाध्य बीमारी के लिए पुणे में उपचार करा रही हैं, जो अस्पताल में भर्ती होने के चलते पति के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकी थीं।
यह जानकारी लगने के बाद उप्र क्रिकेट एसोसिएशन, कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन और शहर के विभिन्न खेल संघों की ओर से मदद के लिए हाथ बढ़ाए जा रहे हैं। बतौर पिच क्यूरेटर शिव कुमार ने शहर की कई प्रतिभाओं को संवारने में आर्थिक मदद प्रदान की थी। उनके खेल प्रेम को देखते हुए आज उनके परिवार की मदद को कई हाथ बढ़ रहे हैं।
मीडिया गेट या गैलरी का नाम भी रखने की मांग
पिच क्यूरेटर के निधन के बाद से ही शहर के खेल प्रेमियों की मांग है कि स्वर्गीय शिव कुमार के नाम पर ग्रीन पार्क स्टेडियम के मीडिया गेट का नाम रखा जाए।जिससे शिव कुमार की यादों को हमेशा जीवंत रखा जा सके। उम्मीद है कि जिला प्रशासन, खेल विभाग और यूपीसीए ग्रीनपार्क में उनके नाम पर गेट या एक गैलरी के नाम की घोषणा कर सकता है।


