डीएम, कमिश्नर व नगर आयुक्त पर फोन न उठाने का आरोप, जनसमस्याओं के समाधान पर उठे सवाल
Kanpur। सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र की विधायक नसीम सोलंकी ने जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को पत्र भेजकर शिकायत दर्ज कराई है। विधायक का आरोप है कि जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और नगर आयुक्त उनके फोन नहीं उठाते, जिससे जनसमस्याओं के समाधान में बाधा आ रही है।
विधायक ने पत्र में कहा कि पिछले करीब एक महीने से वह लगातार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन न तो कॉल रिसीव हो रहा है और न ही कोई जवाब दिया जा रहा है। कई बार स्टाफ फोन उठाता है, पर संबंधित अधिकारी से बात नहीं कराई जाती और न ही बाद में कॉल बैक किया जाता है।
जनसमस्याओं पर असर
नसीम सोलंकी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की बात न सुने जाने से जनता के मुद्दे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि यदि संवाद ही नहीं होगा तो समस्याओं का समाधान कैसे संभव होगा।
आपात स्थिति में भी नहीं मिला सहयोग
विधायक ने एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना के दौरान उन्होंने देर रात अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन उठाना जरूरी नहीं समझा। इससे पीड़ित को समय पर मदद नहीं मिल सकी।
निर्देशों के बावजूद लापरवाही
गौरतलब है कि विधानसभा अध्यक्ष पहले ही अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के फोन अनिवार्य रूप से उठाने के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कानपुर में इनका पालन नहीं हो रहा है।
बढ़ सकता है विवाद
मामले को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है। विधायक ने स्पष्ट किया है कि जनहित के मामलों में वह पीछे नहीं हटेंगी।


