Kanpur । अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम ग्रीन पार्क में मैच आयोजन शुल्क कम हो जाने से ग्रीन पार्क उप्र का सबसे सस्ता क्रिकेट स्टेडियम बन जाएगा और यहां पर ज्यादा से ज्यादा मैच का आयोजन किया जा सकेगा। स्टेडियम को संवारने के लिए सरकार की ओर से जारी 45 करोड़ के बजट से जल्द निर्माण कार्य की शुरुआत होगी यह बातें बुधवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में पहुंचे सांसद रमेश अवस्थी ने कही।

मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन के साथ उप्र क्रिकेट एसोसिएशन और खेल विभाग के अधिकारियों के साथ सांसद ने स्टेडियम को नया रूप देने की योजना बनाई।सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि ग्रीन पार्क को संवारने के लिए 350 करोड़ का खेल बजट रखा गया था। इसमें पुनर्विकास के लिए 45 करोड़ की धनराशि को स्वीकृति मिल गई है। इससे पहले चरण का काम किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि स्टेडियम का किराया कम करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, इसकी मंजूरी मिलते ही ग्रीन पार्क यूपी में सबसे सस्ता किराया वाला स्टेडियम बन जाएगा। इससे अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा आइपीएल, यूपी टी-20 लीग जैसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी आसान हो जाएगी। मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि पहले चरण में जारी 45 करोड़ की धनराशि से होने वाले कार्य की रूपरेखा बनाई जा रही है। जल्द यूपीसीए और खेल विभाग के साथ बैठक कर फाइनल कार्ययोजना प्रस्तुत की जाएगी।


