63 क्रय केंद्रों पर ₹2585 प्रति क्विंटल एमएसपी, छोटे किसानों को प्राथमिकता
Kanpur । गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि किसानों की सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर सीधे एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई होगी।
सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थल, स्वच्छ पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि जनपद में संचालित 63 क्रय केंद्रों पर ₹2585 प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व बिचौलिया मुक्त रखी जाए।
डीएम ने छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि उन्हें लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े। साथ ही किसानों के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को लेकर सख्त चेतावनी दी गई है।
उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से केंद्रों पर मौजूद रहें और यदि किसी कारणवश केंद्र छोड़ना पड़े तो मूवमेंट रजिस्टर में प्रविष्टि अवश्य दर्ज करें। डीएम ने कहा कि वे स्वयं भी औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
उन्होंने कहा कि किसान कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर फसल तैयार करते हैं, इसलिए उनकी उपज की खरीद सम्मानजनक और सुगम तरीके से सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। बैठक में संबंधित अधिकारी और क्रय एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


