Thursday, April 2, 2026
HomeकानपुरKanpur : मेट्रो स्टेशन के पास पार्किंग व अतिक्रमण पर टकराव, 65...

Kanpur : मेट्रो स्टेशन के पास पार्किंग व अतिक्रमण पर टकराव, 65 चौराहों पर आईटीएमएस लगाने की तैयारी

कानपुर में मेट्रो स्टेशनों के पास पार्किंग और अतिक्रमण को लेकर नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और मेट्रो अधिकारियों के बीच मतभेद सामने आए। इसी बीच शहर के 65 चौराहों पर ITMS लगाने की योजना पर भी चर्चा हुई।

Kanpur । शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में हुई समीक्षा बैठक में मेट्रो स्टेशनों के पास पार्किंग और अतिक्रमण बड़ा मुद्दा बनकर उभरा। ट्रैफिक पुलिस ने फुटपाथ पर बनी पार्किंग को जाम और पैदल यात्रियों की परेशानी का कारण बताया, जबकि मेट्रो अधिकारियों ने इसे ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ का हिस्सा बताया।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोक निर्माण विभाग ने भी बताया कि नेशनल हाईवे पर स्थित कई मेट्रो स्टेशनों के आसपास भारी अतिक्रमण है। इस पर नगर आयुक्त ने अतिक्रमण का चिन्हांकन कर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्मार्ट सिटी के तहत 65 नए चौराहों पर इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके लिए 35 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। नगर आयुक्त ने चौराहों की सूची ट्रैफिक पुलिस को भेजने और उनकी उपयोगिता की जांच कराने को कहा।

यातायात सुधार के लिए शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म प्लान पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने जेब्रा क्रॉसिंग, रोड मार्किंग और अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिए।भारत सरकार की संस्था ‘राइट्स’ ने सिटी मोबिलिटी प्लान पर प्रेजेंटेशन दिया, लेकिन रिपोर्ट सभी विभागों से साझा न होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और अगली बैठक में पूरी तैयारी के साथ आने को कहा।

टेंपो संचालन को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी रही। नगर निगम के अनुसार 20 स्टैंड बनाए जा चुके हैं, लेकिन इनके संचालन की जिम्मेदारी अभी तय नहीं है। इस पर स्पष्ट नीति बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस, नगर निगम, मेट्रो, एनएचएआई सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...