ईरान, इजरायल, यूएई समेत खाड़ी देशों में रह रहे लोगों का विवरण देने की अपील
Kanpur । मिडिल-ईस्ट (मध्य-पूर्व) क्षेत्र में वर्तमान में उत्पन्न युद्ध और अस्थिर सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए कानपुर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ने जनपद के उन सभी नागरिकों का विवरण संकलित करने के निर्देश दिए हैं, जो वर्तमान में ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, सऊदी अरब, कुवैत, इराक, इजरायल, कतर या अन्य मिडिल-ईस्ट देशों में किसी भी कारणवश रह रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य संभावित आपातकालीन स्थितियों में प्रभावित नागरिकों से तुरंत संपर्क स्थापित करना है, ताकि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के स्तर पर समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही जो नागरिक हाल ही में इन देशों से लौटे हैं, उनका विवरण भी अपेक्षित है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन जानकारियों को देना आवश्यक है। यदि आपके परिवार का कोई सदस्य या परिचित उक्त देशों में निवासरत, कार्यरत, अध्ययनरत या यात्रा पर है, तो उसका विवरण अविलंब उपलब्ध कराएं। मांगी गई जानकारी में नाम और पासपोर्ट संख्या, वर्तमान देश व शहर, वहां का स्थानीय संपर्क नंबर, भारत का स्थायी पता तथा परिजनों का मोबाइल नंबर शामिल है। साथ ही वर्तमान स्थिति (कार्यरत, फंसे हुए या हाल ही में लौटे) भी बतानी होगी।
नागरिक अपनी जानकारी जिलाधिकारी की ईमेल आईडी dmkap@nic.in पर भेज सकते हैं या संबंधित तहसील एवं एसडीएम कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा जिलाधिकारी कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 0512-2304436 और 9454417554 जारी किए गए हैं। साथ ही एडीएम, एसडीएम और एसीएम अधिकारियों के नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सूचना नागरिकों की सुरक्षा और जनहित में जारी की गई है। सभी संबंधित परिजनों से अपील की गई है कि वे समय रहते आवश्यक जानकारी साझा करें, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।


