Monday, February 9, 2026
HomeकानपुरKanpur : घरेलू विवाद बना खूनी संग्राम, सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने पत्नी...

Kanpur : घरेलू विवाद बना खूनी संग्राम, सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने पत्नी की कर दी नृशंस हत्या

Kanpur । बर्रा में सोमवार सुबह एक घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। यहां सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने गुस्से में आकर अपनी ही पत्नी की लोहे की साबड़ से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित न तो भागा और न ही किसी से मदद मांगी, बल्कि घर के बाहर मेनगेट के पास बैठकर चुपचाप इंतजार करता रहा।

#kanpurफाइल फोटो ललिता

कर्रही पुरानी बस्ती निवासी 75 वर्षीय साहेब लाल केस्को में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके परिवार में 65 वर्षीय पत्नी ललिता, दो बेटे और चार विवाहित बेटियां हैं। बड़ा बेटा महेंद्र पास ही बने दूसरे मकान में परिवार सहित रहता है, जबकि अविवाहित बेटा सुरेंद्र माता-पिता के साथ रहता है और पुताई का काम करता है।

सोमवार सुबह करीब नौ बजे सुरेंद्र काम पर चला गया था। घर में साहेब लाल और उनकी पत्नी ही मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि साहेब लाल ने पास रखी लोहे की साबड़ उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से ललिता की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद साहेब लाल घर से बाहर निकलकर मेनगेट के पास आकर बैठ गया। वह न तो किसी से कुछ बोला और न ही भागने की कोशिश की। करीब एक घंटे बाद उनका भाई महेश घर पहुंचा। उसने देखा कि साहेब लाल चुपचाप बाहर बैठे हैं। जब उसने भाभी के बारे में पूछा तो वह मौन रहे। अनहोनी की आशंका पर महेश जैसे ही अंदर गया, वहां का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। कमरे में खून से लथपथ ललिता का शव पड़ा था और पास ही लोहे की साबड़ रखी थी।

महेश ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डीसीपी दक्षिण और एडीसीपी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के चलते हत्या की बात सामने आई है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था। आरोपित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पड़ोसी और रिश्तेदार इस बात से हैरान हैं कि शांत स्वभाव का माना जाने वाला साहेब लाल इतना खौफनाक कदम उठा सकता है। घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक अंजाम को उजागर कर दिया है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...