Kanpur। गुजैनी और दबौली क्षेत्र में अचानक बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच बिना सूचना बिजली कटने से परेशान लोग दादा नगर स्थित केस्को सब-स्टेशन पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही विधायक सुरेंद्र मैथानी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि लंबे समय से बिजली की अनियमित आपूर्ति से वे जूझ रहे हैं, लेकिन अचानक सप्लाई बंद कर देने से हालात और खराब हो गए। इस पर विधायक ने पहले लोगों को शांत कराया और उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं। इसके बाद उन्होंने मौके से ही केस्को अधिकारियों को फोन कर कड़ी नाराजगी जताई।
विधायक ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी में जनता को अंधेरे में रखना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 15 से 20 मिनट के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। उनके तेवर देखते ही विभाग हरकत में आ गया और फाल्ट को दुरुस्त करने के प्रयास तेज कर दिए गए।
कुछ ही देर में अधिकारियों ने फाल्ट ठीक कर दिया और करीब 6700 घरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि वह जनता के सेवक हैं और उनकी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी किसी भी तरह की समस्या होने पर वह स्वयं मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित कराएंगे। इस दौरान पार्षद वंदना, गुंजन शर्मा, नवीन शर्मा समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।


