प्राचार्य से सफाई कर्मी तक सभी का सम्मान, भावुक माहौल में विदाई
Kanpur । नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में बुधवार को सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडेय ने कुल 15 अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा-निवृत्ति पर सम्मानित करते हुए उनके सेवा-नैवृत्तिक देयकों (PPO व चेक) का वितरण किया।
समारोह में प्राचार्य, प्रोफेसर, लिपिक, चपरासी और सफाई कर्मियों सहित विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों को समान रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान महापौर ने सभी कर्मियों को माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर और मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान कई सेवानिवृत्त कर्मचारी भावुक नजर आए।
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों की वर्षों की सेवा और समर्पण का ऋणी है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी देयकों का भुगतान करना निगम की प्राथमिकता है, ताकि कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि सेवा समाप्त होने के बाद भी सभी कर्मचारी नगर निगम परिवार का अभिन्न हिस्सा बने रहेंगे।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त मोहम्मद अवेश, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी कृपा शंकर शुक्ला सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अपर नगर आयुक्त ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।


