जीआरपी कानपुर सेंट्रल की कार्रवाई, 86 मुकदमों से जुड़ा माल किया विनष्टीकरण
Kanpur । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 किलो 560 ग्राम मादक पदार्थ नष्ट कर दिया। यह माल एनडीपीएस एक्ट के 86 मुकदमों से संबंधित था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक, जिन मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, उन्हें चिन्हित कर यह कार्रवाई की गई। एडीजे-21/स्पेशल जज एनडीपीएस एक्ट के आदेश पर वर्ष 2007 से 2021 तक के मामलों में जब्त मादक पदार्थों को निस्तारण के लिए चुना गया।
सोमवार को भैरो घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस नियम-2022 के तहत गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में नशे की खेप को जलाकर नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक (रेलवे) के निर्देशन में पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे) और पुलिस अधीक्षक (रेलवे) की निगरानी में पूरी हुई। क्षेत्राधिकारी जीआरपी और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल मालखानों का बोझ कम होता है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार पर भी अंकुश लगता है। आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।


