वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक 175 रनों की पारी से इंग्लैंड पर 100 रन की बड़ी जीत

Delhi । हरारे।आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारत ने सबसे ज्यादा अंडर-19 विश्व कप जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना लिया।

जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए। यह फाइनल मुकाबले का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 80 गेंदों में 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली और इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रनों की उपयोगी पारी खेली। वहीं कनिष्क चौहान ने नाबाद 37 रन बनाए। विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी और अभिज्ञान कुंडू ने भी अहम योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई इंग्लैंड
412 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत ठीक रही, लेकिन 22वें ओवर के बाद लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। इंग्लैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई।
बेन डॉकिन्स ने 66 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। बेन ने 45 रन बनाए, जबकि कप्तान थॉमस ने 31 रन का योगदान दिया। हालांकि कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका।
वैभव का तांडव बना जीत की नींव
फाइनल में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन चर्चा का विषय रहा। उन्होंने आक्रामक अंदाज में चौकों-छक्कों की बारिश कर दी और टूर्नामेंट की सबसे यादगार पारी खेली। उनकी बदौलत भारत मजबूत स्थिति में पहुंचा और मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा कर लिया।
अंडर-19 विश्व कप में भारत की जीत का इतिहास
भारत अब अंडर-19 विश्व कप की सबसे सफल टीम बन चुकी है—
मोहम्मद कैफ (1999)
विराट कोहली (2008)
उन्मुक्त चंद (2012)
पृथ्वी शॉ (2018)
यश ढुल (2022)
आयुष म्हात्रे (2026)
देशभर में जश्न का माहौल
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों ने खिलाड़ियों की जमकर सराहना की और सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई।इस शानदार जीत से साफ हो गया है कि भारत की युवा क्रिकेट प्रणाली लगातार मजबूत होती जा रही है और आने वाले वर्षों में ये खिलाड़ी देश के लिए नई ऊंचाइयों को छुएंगे।


