पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का खुलासा—दो एक्स हैंडल पाकिस्तान से थे सक्रिय, अब स्थिति सामान्य
Noida ।नोएडा में 13 अप्रैल को भड़की हिंसा को लेकर पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि श्रमिक आंदोलन के दौरान कुछ बाहरी तत्वों ने सोशल मीडिया के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। जांच में सामने आया है कि दो एक्स (ट्विटर) हैंडल पाकिस्तान से संचालित हो रहे थे, जो लगातार भ्रामक और उकसाने वाले ट्वीट कर रहे थे।
फर्जी खबरों से भड़की भीड़
पुलिस के मुताबिक, 13 अप्रैल को दोपहर तक स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में आ चुकी थी। लेकिन इसके बाद सोशल मीडिया पर अचानक ऐसे संदेश वायरल हुए, जिनमें पुलिस फायरिंग में मजदूरों की मौत होने का दावा किया गया। इन भ्रामक खबरों ने लौट रहे श्रमिकों को भड़का दिया और माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए तुरंत कार्रवाई की और भीड़ को नियंत्रित किया।
पाकिस्तान से जुड़े मिले तकनीकी साक्ष्य
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मिली जानकारी में इन दोनों हैंडल्स के आईपी एड्रेस और इंटरनेट कनेक्शन पाकिस्तान से जुड़े पाए गए हैं। इतना ही नहीं, इन अकाउंट्स द्वारा वीपीएन का इस्तेमाल भी किया जा रहा था ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके। मामले में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
अब पूरी तरह सामान्य हुआ माहौल
प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के चलते पिछले दो दिनों से नोएडा में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है। पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों में भरोसा जगाया। औद्योगिक इकाइयों में काम फिर से शुरू हो गया है और श्रमिक अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं।
सरकारी फैसलों से श्रमिकों में संतोष
राज्य सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन में वृद्धि और वेज बोर्ड के गठन की घोषणा के बाद श्रमिकों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है। इन फैसलों से उनकी मांगों को आंशिक रूप से पूरा किया गया है, जिससे विरोध प्रदर्शन भी शांत हो गया।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने श्रमिकों और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या संदेश सामने आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।


