–वेबसाइट पर भी फेसबुक से जुड़ी शिकायतों की आई अचानक बाढ़
New delhi । दुनियाभर के हजारों यूजर्स ने शिकायत की है कि फेसबुक में लॉगइन करने, वेबसाइट खोलने और ऐप इस्तेमाल करने में परेशानी हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को अचानक फेसबुक से जुड़ी शिकायतें तेजी से बढ़ने लगीं। यूजर्स ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट करके बताया कि उन्हें प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने में दिक्कत आ रही है। इसके अलावा कुछ लोगों ने मेटा की एक और सर्विस इंस्टाग्राम को लेकर भी परेशानी जाहिर की।
यूजर्स के मुताबिक अलग-अलग लोगों को अलग-अलग तरह की परेशानी हो रही है। कुछ लोग फेसबुक में लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं, जबकि कुछ के लिए वेबसाइट या ऐप सही से लोड नहीं हो रही। कई लोगों ने बताया कि उनका न्यूज फीड भी अपडेट नहीं हो रहा। हालांकि ज्यादातर यूज़र्स ने कहा कि उन्हें दिक्कत ऐप पर नहीं बल्कि वेब प्लैटफॉर्म पर आ रही है। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट पर भी फेसबुक से जुड़ी शिकायतों में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक समस्याओं की शुरुआत अमेरिकी समय के मुताबिक करीब सुबह 3:34 के आसपास हुई और भारत में ये दिक्कत दोपहर 1 बजे के करीब शुरू हुई है। खबर लिखे जाने तक मेटा की ओर से इस आउटेज की वजह या इसे लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे मामलों में कंपनी आमतौर पर समस्या की जांच करने के बाद ही जानकारी शेयर करती है।
अगर आपके फेसबुक में भी दिक्कत आ रही है, तो फिलहाल कुछ देर इंतजार करना बेहतर रहेगा। ऐप को बार-बार रीस्टार्ट करने या पासवर्ड बदलने की जरूरत नहीं, क्योंकि अगर यह सर्वर से जुड़ी समस्या है तो ठीक होने के बाद सेवा अपने आप सामान्य हो जाएगी।


