Mumbai । प्राइम वीडियो ने ‘पंचायत’ सीरीज के छह साल पूरे होने के मौके पर आधिकारिक तौर पर सीजन 5 की शूटिंग शुरू होने की घोषणा की है। 2020 में शुरू हुई यह सीरीज हर सीजन के साथ दर्शकों का दिल जीतती रही है।
खासकर सीजन 4 ने रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की और रिलीज के पहले ही दिन अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, यूके और यूएई सहित 42 से अधिक देशों में ‘टॉप 10’ में जगह बनाई। भारत में इसे 95 प्रतिशत पिन कोड और 180 से ज्यादा देशों के दर्शकों ने देखा।
सीजन 4 के क्लाइमेक्स के बाद फुलेरा के फैंस अब सीजन 5 में उनके लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
पिछली कहानी में सचिव जी अपने ‘कैट’ रिजल्ट के बाद अगला कदम तय कर रहे थे, मंजू देवी पंचायत चुनाव में हार से उबर रही थीं, और प्रधान जी इस नतीजे से हिल गए थे।
सीजन 5 में फुलेरा स्टाइल के ह्यूमर, ड्रामा और दिल छू लेने वाले पलों के साथ कई नए ट्विस्ट और टर्न्स देखने को मिलेंगे। सीजन को दीपक कुमार मिश्रा और चंदन कुमार ने मिलकर क्रिएट किया है, जिसमें जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव और फैसल मलिक जैसे कलाकार फिर से नजर आएंगे।


