Mumbai । भारत का सबसे बड़ा घरेलू वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ज़ी5 ने बहुप्रतीक्षित नोयर थ्रिलर फिल्म केनेडी का प्रीमियर कर दिया है। इस फिल्म को प्रसिद्ध फिल्मकार अनुराग कश्यप ने लिखा और निर्देशित किया है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना और दर्शकों का प्यार बटोरने के बाद अब केनेडी हिंदी ज़ी5 पर विशेष रूप से स्ट्रीम हो रही है, जिससे भारतीय दर्शक आखिरकार इसकी गहरी, रहस्यमयी और सघन दुनिया का अनुभव कर सकेंगे।
केनेडी एक दमदार मुंबई नॉयर फ़िल्म है जो केनेडी उदय शेट्टी (राहुल भट्ट) की कहानी बताती है, वह एक पूर्व पुलिसवाला है, जो अब कॉन्ट्रैक्ट किलर बन चुका है। वह एक कैब ड्राइवर के तौर पर दोहरी ज़िंदगी जीता है, और भ्रष्ट पुलिस कमिश्नर रशीद खान के लिए हत्याएँ करता है। फिल्म में राहुल भट्ट मुख्य भूमिका में नजर आते हैं। उनके साथ सनी लियोनी, मोहित टाकलकर, मेघा बर्मन, आमिर दलवी, अभिलाष थपलियाल और करिश्मा मोदी अहम किरदारों में दिखाई देते हैं।


