Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशMathura : मथुरा में यमुना नदी में नाव पलटी: 9 श्रद्धालुओं की...

Mathura : मथुरा में यमुना नदी में नाव पलटी: 9 श्रद्धालुओं की मौत, 22 सुरक्षित रेस्क्यू

Mathura। यमुना नदी में शुक्रवार को हुए भीषण नाव हादसे ने श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा को मातम में बदल दिया। श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पांटून ब्रिज से टकराकर पलट गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

#mathura

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालुओं का दल पंजाब से वृंदावन दर्शन के बाद देवराहा बाबा मठ की ओर जा रहा था। यमुना नदी पर मरम्मताधीन पांटून ब्रिज के पास जैसे ही नाव पहुंची, वह नियंत्रण खो बैठी और सीधे ब्रिज से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नाव में सवार लोग संभल नहीं सके और कई लोग पानी में डूब गए।

#mathura
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गोताखोरों और स्थानीय बचाव दलों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें 22 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद रावत ने बताया कि नाव में सवार सभी श्रद्धालु पंजाब से आए थे और धार्मिक यात्रा पर निकले हुए थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पांटून ब्रिज पर चल रहे मरम्मत कार्य और नाव की दिशा में संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ।

घटना के बाद यमुना किनारे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद नाव पांटून ब्रिज से कैसे टकराई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...
error: Content is protected !!