Lucknow, 30 अप्रैल। योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र से पहले पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इन दलों को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में उनका रवैया उनके वास्तविक चरित्र को उजागर करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जन्मजात महिला विरोधी हैं और जब भी सपा को सत्ता मिली, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ीं। उन्होंने सपा शासनकाल के दौरान कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय की घटनाएं आज भी लोगों के जेहन में हैं।
विपक्ष ने छवि सुधारने का मौका गंवाया
सीएम योगी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके पास अपनी छवि सुधारने का सुनहरा अवसर था, लेकिन उन्होंने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक में सहयोग न देकर यह मौका गंवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार इस अधिनियम को लागू होने से रोकने का प्रयास कर रहा है।
सदन में होगा सीधा मुकाबला
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष सत्र में इस मुद्दे पर पूरे दिन चर्चा होगी और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए किए गए कार्यों पर आभार व्यक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार महिलाओं को सम्मान और नीति-निर्धारण में भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है।
विपक्ष से मांगी जवाबदेही
सीएम योगी ने विपक्षी दलों के विधायकों से अपील की कि वे चर्चा में हिस्सा लें और स्पष्ट करें कि उन्होंने महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन का विरोध क्यों किया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष को अपनी गलती का अहसास है तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए और निंदा प्रस्ताव का समर्थन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आधी आबादी को राजनीतिक सशक्तीकरण से वंचित रखने वालों की निंदा होना जरूरी है और विशेष सत्र में इस मुद्दे पर विपक्ष को बेनकाब किया जाएगा।


