विशेष अभियान और वार्षिक प्रगति में बेहतर प्रदर्शन से प्रदेश में बढ़ी योजना की पहुंच
फिरोजाबाद, गाजियाबाद, बस्ती ने अभियान में दिखाई अग्रणी भूमिका
हरदोई, आजमगढ़ और गाजियाबाद वार्षिक प्रदर्शन में बने मॉडल जिले
Lucknow । प्रदेश में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने वाली प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (PM-SYM) ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। 15 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कई जिलों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए नए मानक स्थापित किए हैं।
विशेष अभियान में फिरोजाबाद ने 349 नामांकन के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। गाजियाबाद (262) और बस्ती (238) ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए अग्रणी जिलों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा बांदा, बरेली, अंबेडकर नगर, हापुड़ और बिजनौर सहित कई जिलों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 की समग्र प्रगति में हरदोई 929 नामांकन के साथ पहले स्थान पर रहा।
आजमगढ़ (597) और गाजियाबाद (547) ने भी लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए खुद को मॉडल जिलों की श्रेणी में स्थापित किया है। प्रतापगढ़, बस्ती, बलिया, मेरठ और वाराणसी जैसे जिलों का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा।
सरकारी प्रयासों और जिला प्रशासन की सक्रियता के चलते प्रदेश में असंगठित श्रमिकों तक योजना की पहुंच लगातार बढ़ रही है। विशेष अभियान का सकारात्मक प्रभाव यह रहा कि अधिकांश जिलों में नामांकन की गति में तेजी दर्ज की गई है, जबकि अपेक्षाकृत पिछड़े जिलों में भी सुधार की प्रक्रिया जारी है।
प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक असंगठित श्रमिकों को इस पेंशन आधारित सामाजिक सुरक्षा योजना से जोड़ा जाए, जिससे भविष्य में उन्हें आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार मिल सके।


