6700 से अधिक परिवारों को जमीन का हक, सीएम योगी ने माफिया पर सख्त चेतावनी दी
Lucknow । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखीमपुर खीरी में विकास और जनकल्याण को नई गति देते हुए कई अहम घोषणाएं कीं। चंदन चौकी (पलिया) में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 817 करोड़ रुपये की 314 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही हजारों परिवारों को जमीन का अधिकार देकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
हजारों परिवारों को मिला जमीन का अधिकार
मुख्यमंत्री ने नदियों के कटान से प्रभावित 2350 परिवारों और थारू जनजाति के 4356 परिवारों को भौमिक अधिकार पट्टों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ योजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि लोगों को उनका हक दिलाना है। “जनता ने हमें अधिकार दिया है, इसलिए हम उसे अधिकार पत्र देकर आत्मसम्मान से जोड़ रहे हैं,” उन्होंने कहा।
दशकों का इंतजार हुआ खत्म
सीएम योगी ने कहा कि वर्षों से अपने अधिकार से वंचित रहे इन परिवारों को अब जमीन का मालिकाना हक मिलने से उनके जीवन में स्थिरता आएगी। उन्होंने इसे पुनर्वास से विकास और विकास से समृद्धि की दिशा में बड़ा कदम बताया। साथ ही पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले संवेदना की कमी थी, लेकिन वर्तमान सरकार हर वर्ग के हित में काम कर रही है।
माफिया पर सख्त चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदेश में माफिया और अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। “माफिया बनने का प्रयास करने वाले मिट्टी में मिलने की तैयारी कर लें,” उन्होंने चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी हाल में गरीबों का हक छिनने नहीं देगी और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थारू समाज को उद्यमिता से जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने थारू समाज की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की और कहा कि सरकार उन्हें लाभार्थी से आगे बढ़ाकर उद्यमी बनाने का काम कर रही है। स्वयं सहायता समूहों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं, जिससे उनकी आय बढ़ेगी और आर्थिक सशक्तीकरण होगा।
किसानों को राहत का भरोसा
सीएम योगी ने बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना और आपदा राहत कोष के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का जल्द सर्वे कर राहत वितरण सुनिश्चित किया जाए।
हर जिले में समान विकास का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब हर जिले में समान विकास हो रहा है और सरकार का फोकस गरीब, किसान और नौजवान के सशक्तीकरण पर है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


