कार सवार बदमाशों ने सरेराह खींचकर किया अगवा
Kanpur । चकेरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक के अपहरण और बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। हमलावर उसे कार में अगवा कर ले गए और मारपीट के बाद गंभीर हालत में पीएसी पार्क के पास फेंककर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक इलाके में अंडे का ठेला लगाता है। मंगलवार को वह होटल के पास मौजूद था, तभी कार सवार करीब 12 हमलावर मौके पर पहुंचे और उसे जबरन गाड़ी में खींचकर ले गए। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू की। काफी देर बाद वह पीएसी पार्क के पास लहूलुहान और बेसुध हालत में मिला।
सूचना मिलते ही चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल कांशीराम अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हैलट अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। यह भी चर्चा है कि पीड़ित मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ है, हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पीड़ित के भाई ने चकेरी थाने में तहरीर देकर चार नामजद और आठ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। साथ ही, घटनास्थल और अपहरण के संभावित रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


