Kanpur । बीसीसीआई सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी के मुकाबले में उत्तर प्रदेश की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए असम को पांच विकेट से पराजित कर दिया। यह मुकाबला राजकोट स्थित एस क्रिकेट मैदान पर खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी असम की टीम की शुरुआत ओपनर खुशी शर्मा और अमोनंतिका मुंडा ने की। दोनों ने 28 रन जोड़े, लेकिन सोनाली सिंह ने खुशी शर्मा (9) को शिल्पी के हाथों कैच कराकर पहला झटका दिया। इसके बाद रश्ममी डे ने अमोनंतिका के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। अमोनंतिका 18 रन बनाकर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में शिल्पी की गेंद पर आरजू को कैच दे बैठीं।
असम का तीसरा विकेट गायत्री (1) के रूप में 67 रन पर गिरा, जिन्हें अर्चना देवी ने निशी के हाथों कैच कराया। इसी स्कोर पर रश्ममी डे (26) भी शिल्पी का शिकार बनीं। इसके बाद मोनिका दास और फ्लोरिना ने शानदार साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन मोनिका (21) को खुशी त्यागी ने रन आउट कर साझेदारी तोड़ी।
शिवानी बिश्नोई (26) ने फ्लोरिना के साथ स्कोर को 150 रन तक पहुंचाया, इस दौरान फ्लोरिना ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। असम का सातवां विकेट काकू बरमन (14) के रूप में गिरा। असम ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 201 रन बनाए। यूपी की ओर से शिल्पी यादव ने तीन विकेट, जबकि सोनाली सिंह, अर्चना देवी और खुशी त्यागी ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की टीम की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज वर्णिका और संपदा दीक्षित ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 17 ओवर में टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंचा दिया। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किए। वर्णिका 68 रन बनाकर आउट हुईं।
इसके बाद निशु चौधरी (22) ने संपदा दीक्षित के साथ स्कोर 150 तक पहुंचाया। संपदा दीक्षित 67 रन बनाकर आउट हुईं। मुस्कान मलिक (7) और कप्तान अर्चना देवी (4) जल्दी पवेलियन लौट गईं, लेकिन अंत में निशी कश्यप (नाबाद 23) और सोनाली सिंह (नाबाद 3) ने टीम को जीत दिला दी। यूपी ने 35 ओवर में पांच विकेट पर 204 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
असम की ओर से निरुपमा ने तीन और रश्ममी डे ने दो विकेट लिए।


