Kanpur । बीसीसीआई की वुमंस अंडर-23 वनडे क्रिकेट ट्रॉफी के तीसरे मुकाबले में उत्तराखंड ने रोमांचक अंदाज में उत्तर प्रदेश को पांच विकेट से पराजित कर दिया। मैच के अंतिम ओवर से पहले लक्ष्य हासिल कर उत्तराखंड ने जीत अपने नाम की। तीन मैचों में यह उत्तर प्रदेश की पहली हार है। उत्तराखंड की जीत में नंदिनी कश्यप और नीलम की अर्द्धशतकीय पारियों की अहम भूमिका रही।
पुणे स्थित पीवाईसी मैदान में खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 228 रन बनाए। टीम की ओर से सोनाली सिंह ने 84 और भूमि सिंह ने 78 रन की शानदार अर्द्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि बबिता सिंह ने 24 रन का योगदान दिया। उत्तराखंड की ओर से प्रियांशी ने चार विकेट झटके, जबकि कनिका और निशा मिश्रा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम का पहला विकेट 38 रन पर सोना (14) के रूप में गिर गया। इसके बाद सलामी बल्लेबाज नंदिनी कश्यप ने पारी को संभालते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। उन्हें नीलम का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने नाबाद 79 रन की शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच 96 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत उत्तराखंड ने 49 ओवर में पांच विकेट पर 232 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
उत्तर प्रदेश की ओर से गेंदबाजी में सोनम यादव, खुशी त्यागी, अर्चना देवी और रमा कुशवाहा ने एक-एक विकेट हासिल किया।इस हार के बाद उत्तर प्रदेश की टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ आठ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
वहीं उत्तराखंड की टीम तीनों मैच जीतकर 12 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। अब उत्तर प्रदेश को नौ मार्च को अपने अगले मुकाबले में केरल के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, अन्यथा टीम के लिए टूर्नामेंट में आगे की राह मुश्किल हो सकती है।


