Kanpur । बीसीसीआई अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से उत्तर प्रदेश की टीम मंगलवार को शहर पहुंचेगी। एलीट ग्रुप डी में शामिल उप्र का लीग का आखिरी मैच चंडीगढ़ के खिलाफ छह फरवरी से शुरू होना है।
सात टीमों के ग्रुप में उप्र इस समय पांच मैच खेला चुका है और वह दो जीत, तीन हार के साथ 40 अंक लेते हुए अंकतालिका में दूसरे स्थान पर चल रहा है। वहीं चंडीगढ़ चार मैचों में एक जीत, एक हार व दो ड्रा खेलकर 31 अंकों के साथ सबसे अंतिम सातवें पायदान पर है। उप्र को यदि नॉकआउट में प्रवेश करना है तो चंडीगढ़ के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करनी होगी।
टीम ने उत्तराखंड के खिलाफ आखिरी लीग मैच में एक पारी व 15 रनों से जीत हासिल की। लिहाजा बढ़े मनोबल के साथ ग्रीनपार्क पहुंच रही उप्र टीम कोच ज्ञानेंद्र पाण्डेय के माग्रदर्शन में अगले चरण में जगह बनाने के लिए अपना पूरा दमखम दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
ग्रीनपार्क में दोनों ही टीमें चार व पांच फरवरी को अभ्यास कर खुद को मुकाबले के लिए तैयार करेंगी। उप्र की टीम जहां अपने घरेलू मैदान की परिस्थितयों से भलीभांति परिचत है वहीं काली मिट्टी की पिचों के मिजाज को परखना चंडीगढ़ के लिए टेडी खीर साबित होगा।


