Kanpur । शहर की यातायात व्यवस्था को जाममुक्त और सुगम बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त अभियान चलाया। शुक्रवार को डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने ‘RTC’ स्कीम के तहत झकरकट्टी बस अड्डा से टाटमिल चौराहा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान झकरकट्टी बस अड्डे के आसपास रोडवेज बसों की अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात प्रभावित मिलता पाया गया। इस पर सख्ती दिखाते हुए 60 रोडवेज बसों का चालान किया गया और निर्देश दिए गए कि बसें केवल निर्धारित स्टैंड के भीतर ही खड़ी हों।
अभियान के दौरान बिना निर्धारित कलर कोड के चल रहे 98 ऑटो और ई-रिक्शा पर भी कार्रवाई की गई। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 अन्य वाहनों के चालान किए गए और गंभीर मामलों में 3 वाहनों को सीज कर दिया गया।
इसके अलावा झकरकट्टी बस स्टैंड के बाहर लगे अवैध ठेले और अन्य अतिक्रमण को हटवाया गया। डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि RTC योजना का उद्देश्य शहर के व्यस्त मार्गों को जाम से मुक्त रखना है।अभियान के दौरान एडीसीपी ट्रैफिक कपिल देव सिंह, यातायात निरीक्षक, बाबूपुरवा और रेल बाजार थानों की पुलिस समेत भारी बल मौजूद रहा।


