Kanpur । शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जरीब चौकी चौराहे पर विशेष अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के तहत चौराहे का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान चौराहे पर रस्सी के माध्यम से लेन का स्पष्ट चिन्हांकन किया गया, ताकि वाहन निर्धारित मार्ग से गुजरें और जाम की स्थिति न बने। साथ ही दुकानों के बाहर ‘लक्ष्मण रेखा’ खींचकर अतिक्रमण पर सख्ती दिखाई गई।ट्रैफिक पुलिस ने दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें अपने प्रतिष्ठानों के सामने सामान न रखने और ग्राहकों के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क कराने के लिए जागरूक किया। पुलिस ने अपील की कि सभी व्यापारी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।
चौराहे पर रूट मार्शल की तैनाती भी की गई है, जो ट्रैफिक संचालन पर नजर रखेंगे। इसके अलावा चोक पॉइंट्स की पहचान कर उन्हें दूर करने की योजना बनाई गई है, जिससे यात्रियों का समय बचे और यातायात सुगम हो सके।अधिकारियों ने निर्देश दिए कि चिन्हित रूट व्यवस्था हर समय स्पष्ट और अवरोध मुक्त बनी रहे। अभियान के दौरान एडीसीपी यातायात कपिल देव सिंह और यातायात निरीक्षक मध्य जोन मोवीन खान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


