शादी में गया था परिवार, ताले तोड़कर अलमारियां खंगालीं; पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
Kanpur । रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब शादी में गए एक परिवार के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों की चोरी कर ली। बदमाश ताले तोड़कर अंदर घुसे और अलमारियां खंगालते हुए जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार लखनऊ में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रविवार को लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों के लॉकर तोड़कर कीमती जेवरात और नकदी गायब थी। पीड़ितों के मुताबिक करीब 35 से 40 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है।
सूचना मिलते ही रावतपुर थाना प्रभारी कमलेन्द्र राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि घटना सुनियोजित लग रही है और चोरों ने पहले से रेकी की थी। डीसीपी पश्चिम के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर कई टीमें गठित कर दी गई हैं। थाना प्रभारी ने जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामद करने का भरोसा दिलाया है।


