Kanpur। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति अनुदान योजना के क्रियान्वयन को हरी झंडी दे दी गई है। योजना को लेकर बुधवार को आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब, कानपुर में समन्वय समितिकी बैठक हुई।
जिसकी अध्यक्षता अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव ने की। बैठक में योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया, चयन ट्रायल व प्रशिक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी तय की गई। योजना के तहत आवेदन 18 से 26 दिसंबर तक द स्पोर्ट्स हब और नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में
स्वीकार किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों की जांच कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से 27 से 31 दिसंबर तक होगी।
इसके बाद 1 व 2 जनवरी को चयन ट्रायल आयोजित होंगे, जबकि चयनित खिलाड़ियों के लिए 5 जनवरी 2026 से द स्पोर्ट्स हब में नए प्रशिक्षण बैच की शुरुआत की जाएगी। बैठक में समन्वय समिति में बदलाव करते हुए सुचित अग्रवाल और आशुतोष विक्रम सिंह के स्थान पर मुकेश कुमार वर्मा और अमित यादव को नया सदस्य नामित किया गया।
यह भी निर्णय लिया गया कि योजना की जानकारी जनपद के सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और महापौर को भेजी जाएगी, ताकि वे अपने क्षेत्रों से पात्र ईडब्ल्यूएस खिलाड़ियों की अनुमति कर सके।
योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नगर निगम के सभी सरकारी विद्यालयों, जोनल कार्यालयों, स्थानीय समाचार पत्रों और वेरिएबल मैसेज बोर्ड पर जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। बैठक में संजीव पाठक, पीके श्रीवास्तव समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


