Kanpur । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार कानपुर नगर में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई कर उनका समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना था।
आयोजित जनसुनवाई में कुल 05 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएँ शामिल थीं। इनमें से एक प्रकरण वृद्धा पेंशन से संबंधित था, जिसका मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर त्वरित निस्तारण कराया गया। शेष प्रकरणों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नियमानुसार कार्यवाही करते हुए प्रगति रिपोर्ट आयोग को प्रस्तुत की जाए।
सदस्या पूनम द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण आयोग की प्राथमिकताओं में सर्वोपरि हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशन, पारिवारिक विवाद, उत्पीड़न और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर प्रदान किया जाए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी (न्यायिक) बिल्हौर सत्यपाल प्रजापति, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिवक्तागण और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


