Kanpur । केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर लघु उद्योग भारती, कानपुर ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संगठन का कहना है कि बजट में किए गए प्रावधान देश के औद्योगिक विकास, आत्मनिर्भर भारत और रोजगार सृजन को मजबूती देंगे। विशेष रूप से एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग, एक्सपोर्ट और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर सरकार के फोकस को उद्योग जगत के लिए उत्साहजनक बताया गया है।

लघु उद्योग भारती, कानपुर के अध्यक्ष संदीप अवस्थी ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान छोटे और मध्यम उद्योगों को नई गति देगा। सात प्रमुख सेक्टरों में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की घोषणा से उत्पादन बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बजट में सेमीकंडक्टर और रेयर अर्थ के लिए कॉरिडोर बनाने की घोषणा को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप बताया गया है। साथ ही एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए दिए गए प्रोत्साहन से स्थानीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर सात हाई-स्पीड रेलवे कॉरिडोर और 20 नेशनल वॉटरवे को राष्ट्रीय राजमार्ग व एक्सप्रेसवे की तर्ज पर विकसित करने की योजना को व्यापार और परिवहन के लिए लाभकारी बताया गया। इसके अलावा ₹20,000 करोड़ के कार्बन ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
डेटा सेंटर को वर्ष 2047 तक टैक्स छूट देने की घोषणा को डिजिटल इंडिया को सशक्त करने वाला कदम बताया गया। इस अवसर पर लाडली प्रसाद गुप्ता, हरेंद्र मूरजानी, अमन घई, संदीप अरोरा, अंकुर अंशवानी, प्रेरणा वर्मा, सुशील मोहन टकरू, अजय गुप्ता और हिमांशु सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने बजट को उद्योग और राष्ट्रहित में बताया।


