Kanpur । केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर कर्मचारी, शिक्षक और पेंशनर्स में निराशा देखी जा रही है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के प्रदेश संगठन मंत्री व जिला अध्यक्ष राजा भरत अवस्थी ने बजट को कर्मचारी, शिक्षक एवं पेंशनर्स विरोधी बताया है।
राजा भरत अवस्थी ने कहा कि बजट में मानक आयकर कटौती को 2.50 लाख रुपये तक न बढ़ाए जाने से कर्मचारियों को बड़ा झटका लगा है। इसके साथ ही कर्मचारी व पेंशनर्स को चिकित्सा प्रतिपूर्ति के रूप में प्राप्त धनराशि को आयकर गणना से छूट न दिए जाने पर भी असंतोष है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान कर्मचारियों के 18 माह के कटे हुए भत्तों के भुगतान को लेकर बजट में कोई घोषणा न होना निराशाजनक है। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों को आवास निर्माण के लिए 3 प्रतिशत ब्याज दर पर होम लोन की व्यवस्था न किए जाने से भी कर्मचारियों की उम्मीदें टूट गई हैं।
राजा भरत अवस्थी ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के लिए वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद हेतु जीएसटी मुक्त कैंटीन खोलने तथा आयकर स्लैब में छूट देने की मांग को भी बजट में अनदेखा किया गया है।उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट कर्मचारी, शिक्षक और पेंशनर्स के हितों की उपेक्षा करता है, जिससे वर्ग में व्यापक निराशा व्याप्त है।


