Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग के जूनियर डिवीजन में मंगलवार को पहले मैच में स्टार क्रिकेट क्लब ने प्रिंस क्लब को 121 रन से पराजित किया। दूसरे मैच में एससी क्लब ने अमर क्लब को 50 रन से मात दी।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेले गए मैच में स्टार क्रिकेट क्लब ने 40 ओवर में दो विकेट पर 300 रन बनाए। टीम की ओर से निरंकार ने 105 रन व रिषभ गुप्ता ने 103 रन की शतकीय पारी खेलीं, तो गेंदबाजी में आर्यन व राहुल ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
जवाब में प्रिंस क्लब की पूरी टीम 40 ओवर में नौ विकेट पर 179 रन ही बना सकी। टीम से आर्यन प्रजापति ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, तो गेंदबाजी में आशीष ने तीन, हर्षित व गोविंद ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। प्लेयर ऑफ द मैच रिषभ गुप्ता को चुना गया।
जेम्स मैदान पर दूसरे मैच में एससी क्लब ने 39.3 ओवर में 235 रन बनाए। टीम से कृष शर्मा व आदर्श त्रिपाठी ने 56-56 रन व शैलेंद्र वर्मा ने 44 रन की पारियां खेली, तो गेंदबाजी में अनिरुद्र ने चार व अनंत ने दो विकेट झटके। जवाब में अमर क्लब की पूरी टीम 37.1 ओवर में 185 रन पर सिमट गई।
टीम से अनिरुद्र प्रताप ने 47 व दीपेंद्र ने 45 रन बनाए, तो गेंदबाजी में कृष्णा बाली व आदर्श त्रिपाठी ने तीन-तीन व आदित्य ने दो को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच आदर्श त्रिपाठी को चुना गया। यह जानकारी केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।


