Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग के पहले मैच में साउथ जिमखाना ने नेशनल यूथ को पांच विकेट से मात दी। दूसरे मैच में एसपीएसएसए ने ग्रेजुएट क्लब को 113 रन से पराजित किया। तीसरे मैच में वाईएमसीसी ने जेडी क्लब को 57 रन से हराया। चौथे मुकाबले में एवरो क्लब ने अमर क्लब को 92 रन से पराजित किया।
किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए पहले मैच में नेशनल यूथ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 39.3 ओवर में 173 रन बनाए। टीम से अरमान तिवारी ने 59 रन, अनुज ने 26 और ललित वर्मा ने 23 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अखिलेश यादव, उत्तम पांडे और ध्रुव शुक्ला ने दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिव्यांशु के नाबाद 52 रन, अर्पित अवस्थी के 43 रन, दिव्यांश के 33 की बदौलत साउथ जिमखाना ने 33.4 ओवर में पांच विकेट पर 178 रन बनाकर मैच जीता। गेंदबाजी में नेशनल यूथ की ओर से दिनेश चौहान और दिव्यांशु ने दो-दो विकेट चटकाए। श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर दूसरे मुकाबले में एसपीएसएसए ने 39.5 ओवर में 243 रन बनाए।
टीम से शिवा सोनकर ने 32, अविनाश यादव ने 30, आदर्श यादव ने 28, वंश निगम ने 22 रन बनाए, तो गेंदबाजी में युवराज यादव ने तीन, कृष्णा चावला ने दो, अथर्व सिंह, आलोक साहू और शिवम शुक्ला ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में ग्रेजुएट क्लब की पूरी टीम 30.1 ओवर में 130 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम से हेमंत ने संघर्षपूर्ण 81 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली, लेकिन टीम का कोई और बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सका। गेंदबाजी में शिवा सोनकर ने तीन, अविनाश यादव और प्रांजुल यादव ने दो-दो, प्रखर और प्रियांशु ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
जाजमऊ स्थित एवरेस्ट मैदान पर तीसरा मैच में वाईएमसीसी ने 40 ओवर में छह विकेट पर 293 रन बनाए। टीम से उत्कर्ष तिवारी ने 94 रन, आयुष शुक्ला ने 69, अभिषेक ने 49 रन की पारियां खेली, तो गेंदबाजी में सचिन ने दो, जहीरुद्दीन और पवन ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए जेडी क्लब की पूरी टीम 40 ओवर में 236 रन पर ढ़ेर हो गई। टीम से अमन राजपूत ने सर्वाधिक 81 रन बनाए, तो गेंदबाजी में उत्कर्ष तिवारी ने चार, तुषार पाल ने तीन और राहुल पाल ने दो को आउट किया। कल्याणपुर स्थित गीता देवी क्रिकेट मैदान पर एवरो क्लब ने 40 ओवर में सात विकेट पर 265 रन बनाए।
टीम से अविरल रावत ने नाबाद 82 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली, शिवम यादव ने 46 और लव अवस्थी ने 41 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अनिरुद्व ने तीन और दीपेंद्र ने दो को आउट किया। जवाब में अमर क्लब की पूरी टीम 37.3 ओवर में 173 रन पर सिमट गई। टीम से ठाकुर अभिमन्यु ने सर्वाधिक 51 रन बनाए, तो गेंदबाजी में आर शिवा ने चार, स्पर्श और शिवम ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।


