Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रथम सुनील तिवारी स्मारक अंडर-13 इंटर क्रिकेट एकेडमी लीग में क्रिक-आईटी क्रिकेट एकेडमी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए चन्द्रा क्रिकेट एकेडमी को आठ विकेट से पराजित किया। मुकाबला कानपुर साउथ-बी मैदान पर खेला गया।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए चन्द्रा क्रिकेट एकेडमी की टीम 26.1 ओवर में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से केशव दुबे ने 29 रन, मैक्सन ने 23 रन तथा वंश सक्सेना ने 23 रन का योगदान दिया। क्रिक-आईटी की गेंदबाज़ी में सम्राट सिंह चन्देल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि मोहम्मद फहाद को दो विकेट मिले।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिक-आईटी क्रिकेट एकेडमी ने शिवांश कुमार सिंह की शानदार 67 रन की अर्धशतकीय पारी और शौर्य शामले के 28 रनों की मदद से 23.3 ओवर में मात्र दो विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। गेंदबाज़ी में दिव्यांश पाण्डे को एक विकेट मिला। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सम्राट सिंह चन्देल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।यह जानकारी केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।


