Kanpur। फ्रेंड्स यूनियन क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित प्रथम अनिल रावत (कप्तान) स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए पहले क्वार्टरफाइनल मुकाबले में रोलैण्ड क्लब ने वीनस क्लब को 153 रन से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे मैच में ओलम्पिक क्लब ने यूनिक क्लब को आठ विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनायी।
राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में रोलैण्ड क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में नौ विकेट पर 269 रन बनाए। सुमित बसंत ने 83, कुलदीप श्रीवास्तव ने 47, विजय वर्मा ने 34 और सौरभ मिश्रा ने 27 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। तो गेंदबाजी में वीनस क्लब की ओर से लकी राजपूत और शुभम गोस्वामी ने दो-दो विकेट लिए।
।जवाब में वीनस क्लब की पूरी टीम 25.1 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। शुभम गोस्वामी ने 28 और ऋषभ प्रजापति ने 25 रन बनाए। तो गेंदबाजी में रोलैण्ड क्लब की ओर से आर्यन दिवाकर ने तीन विकेट, जबकि अर्जुन मिश्रा और सात्विक शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए। आर्यन दिवाकर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रामकली मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में यूनिक क्लब की टीम 20 ओवर में 71 रन पर ऑलआउट हो गई। अक्षय शुक्ला ने 28 और उज्ज्वल पांडेय ने 23 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में ओलम्पिक क्लब के पियूष पाल ने चार, राज कटियार ने तीन और अभिजीत सिंह ने दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को सस्ते में आउट किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ओलम्पिक क्लब ने मात्र 7 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 72 रन बनाकर मुकाबला जीता।
जीत में जय प्रकाश ने 30 और आयुष कुमार ने नाबाद 37 रन बनाए। तो गेंदबाजी में यूनिक क्लब से रितिक पाल व मंदीप सिंह ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। पियूष पाल को उनकी घातक गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।


