Kanpur । गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-72 स्थित दबौली वेस्ट में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से परेशान लोगों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने ढोल-मजीरा बजाकर और हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर वर्तमान पार्षद के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से सीवरेज व्यवस्था खराब है। बारिश के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। सड़कों की हालत भी बेहद जर्जर है, लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पूर्व पार्षद जेपी पाल की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान पार्षद गुंजन वंदना शर्मा केवल चुनाव के समय ही क्षेत्र में दिखाई देती हैं। लोगों का कहना है कि “वोट नहीं तो कोई काम नहीं” जैसी नीति अपनाई जा रही है। चुनाव के बाद जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
पूर्व पार्षद जेपी पाल ने कहा कि क्षेत्रवासी वर्षों से बदहाल परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। यदि जल्द ही सीवरेज, जलनिकासी और सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो नगर निगम का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।वहीं, प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि पार्षद न तो उनकी शिकायतें सुनती हैं और न ही फोन उठाती हैं। इससे जनता खुद को उपेक्षित महसूस कर रही है। महिलाओं ने बताया कि गंदगी और जलभराव के कारण बच्चों और बुजुर्गों को बीमारियों का खतरा बना रहता है।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सुविधाएं नहीं सुधारी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


