कानपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच व चकेरी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भारी मात्रा में चरस और ‘अमेरिकन गांजा’ बरामद किया गया है।
Kanpur । कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चकेरी थाना क्षेत्र से एक तस्कर को दबोच लिया। क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया आरोपी अंकित सिंह चौहान उर्फ अंकित तुत्तल (27) कालीबाड़ी, लालबंग्ला का निवासी है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्रवण कुमार सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से भारी मात्रा में चरस और अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगा बताया जाने वाला ‘अमेरिकन गांजा’ बरामद हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि वह लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय था और युवाओं को अपना शिकार बना रहा था।
डीसीपी क्राइम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद चकेरी और लालबंग्ला क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।


