Kanpur। आगामी होली पर्व और रमजान माह को देखते हुए शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को एस. एम. कासिम आबिदी, पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने रावतपुर थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों रामलला मंदिर, नूरी मस्जिद और विलाल मस्जिद का दौरा किया। इस दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की जांच की गई और सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने क्षेत्र में पैदल गश्त करते हुए स्थानीय लोगों और व्यापारियों से भी बातचीत की। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इसके अलावा क्षेत्र में लगाए गए पुलिस बल, पिकेट ड्यूटी और गश्त व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जाए।
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त, कल्याणपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है, ताकि लोग सुरक्षित वातावरण में अपने पर्व मना सकें और शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे।


