उड़ीसा से आ रही खेप पकड़ी गई, महिला समेत पांच तस्कर जेल भेजे गए
Kanpur। कमिश्नरेट कानपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ 12 लाख रुपये कीमत का अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई।
सजेती थाना पुलिस ने गोपनीय सूचना पर छापा मारते हुए 2 कुंतल 12 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, किदवई नगर थाना पुलिस ने 21 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को दबोचा। किदवई नगर क्षेत्र से पकड़ी गई महिला आरोपी के पास से गांजा बिक्री से जुड़े छोटे नोटों और सिक्कों के रूप में करीब 5 लाख 43 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गांजा उड़ीसा से बांदा के रास्ते कानपुर लाया गया था और यहां से आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाना था। प्रारंभिक जांच में एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं, जिसके तार अन्य जिलों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इस मामले में गांजा सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।


