Kanpur। स्टेट पावर लिफ्टिंग और बेंच प्रेस चैंपियनशिप का आयोजन तीन और चार अप्रैल को आगरा में होगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए कानपुर मंडल की टीम का चयन मंडलस्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर किया जा रहा है। स्वरूप नगर स्थित बाल निकुंज में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन बाजुओं का दम दिखाकर विभिन्न भार वर्ग में खिलाड़ियों ने पदक जीतकर स्टेट चैंपियनशिप का टिकट हासिल किया।

शेष भार वर्ग के मुकाबले सोमवार को होंगे। इसके बाद मंडल की टीम घोषित की जाएगी।रविवार को प्रतियोगिता के पहले दिन पावरलिफ्टिंग, बेंचप्रेस व ओपन डेड लिफ्ट चैंपियनशिप के विभिन्न भार वर्ग में खिलाड़ियों ने दम दिखाया।
पावर लिफ्टिंग के सीनियर वर्ग में हुए 47 किग्रा भार में निशा वर्मा, 53 किग्रा में प्राची ठाकुर, 57 किग्रा में रिया सिंह, 63 किग्रा में दिव्या गौतम, 69 किग्रा में अर्चना पांडेय, 76 किग्रा में अंशिका सिंह ने सर्वाधिक भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, जूनियर वर्ग के 47 किग्रा भार वर्ग में सारिका, 57 किग्रा में ओजस बाजपेई ने स्वर्ण पदक जीता। सब जूनियर वर्ग में आयुषी, शर्मिला, जिया अव्वल रहीं।


