Wednesday, March 25, 2026
HomeकानपुरKanpur : युवक की मौत के बाद उबाल, धर्म परिवर्तन के दबाव...

Kanpur : युवक की मौत के बाद उबाल, धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप लगाकर सड़क पर शव रखकर जाम

कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर चौकी इलाके में बुधवार को एक युवक की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने युवक पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस पर लापरवाही बरतने का भी दावा किया।
मृतक की पहचान रतनपुर निवासी 23 वर्षीय रोहित सिंह उर्फ दीपक सिंह गौर के रूप में हुई है।

परिवार के अनुसार रोहित घर के पास ही पंचर और किराने की दुकान चलाकर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसके पिता करन सिंह का करीब छह वर्ष पहले बीमारी के चलते निधन हो चुका है। पिता की मौत के बाद से रोहित ही परिवार का सहारा था।

मां उमा देवी और बड़े भाई मोहित ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से रोहित बेहद परेशान रहने लगा था। उसका व्यवहार बदला हुआ था और वह अक्सर गुमसुम रहता था। परिजनों का कहना है कि वह किसी गहरे मानसिक दबाव में था, जिसकी वजह से वह भीतर ही भीतर टूटता चला गया।

मृतक की बहन निशा ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए बताया कि 26 जनवरी को रोहित किसी रिश्तेदार से मिलने लखनऊ गया था। अगले दिन घर लौटने पर उसने बताया कि ट्रेन यात्रा के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। परिजनों का आरोप है कि इस घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बुधवार को युवक की मौत की खबर फैलते ही मोहल्ले में कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी हुई, जिससे हालात और बिगड़ गए।

सूचना पर पनकी थाना प्रभारी मनोज भदौरिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर परिजन शांत हुए और जाम खुल सका।

थाना प्रभारी ने बताया कि युवक से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। सभी तथ्यों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...