Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग के तहत गुरुवार को खेले गए दो मुकाबलों में ओलम्पिक रजि. और सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में डायमंड क्लब की टीम 30.3 ओवर में 148 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
टीम की ओर से अर्जुन दुबे ने 35, सचिन तिवारी ने 31 और अंशुमन शुक्ला ने 29 रन बनाए। ओलम्पिक रजि. की तरफ से आदित्य दीक्षित ने 4 विकेट झटके, जबकि यश अरोरा ने 3 और जेबान अंसारी ने 2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ओलम्पिक रजि. ने 30.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 152 रन बनाते हुए मैच 5 विकेट से अपने नाम कर लिया। यश अरोरा ने नाबाद 69 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शिवेंद्र श्रीवास्तव ने 30 रन का योगदान दिया।
डायमंड क्लब की ओर से दिव्यांश यादव ने 3 और संदीप पटेल ने 2 विकेट लिए। दूसरे मुकाबले में सोनेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। सुयश सिंह ने 53, सार्थक ने 46, आशीष गौतम ने 39 और अंश राय ने 30 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। गेंदबाजी में प्रांजल देव ने 3 विकेट लिए।
जवाब में सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एकेडमी ने 34 ओवर में 6 विकेट खोकर 220 रन बनाते हुए मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से शिवा सोनकर ने 61 रन की अहम पारी खेली। इसके अलावा प्रांजुल सिंह ने 37, प्रशांत मिश्रा ने 35 और आदित्य सिंह ने 30 रन बनाए। सोनेट क्लब के लिए दीपांशु केसरी ने 3 और कनिष्क शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए।


