Kanpur । कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर–1 (आईआईटी–नौबस्ता) के अंतर्गत तीसरे चरण में मेट्रो सेवा को कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक विस्तारित करने की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। इसी क्रम में बारादेवी से नौबस्ता तक के पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों पर सभी लिफ्टों का इंस्टॉलेशन और लोड टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।

पांच स्टेशनों पर 20 लिफ्ट और 15 एस्केलेटर तैयार
बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता स्टेशनों पर कुल 20 लिफ्ट लगाए गए हैं। प्रत्येक स्टेशन पर प्रवेश द्वार से कॉनकोर्स और कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म तक सुगम आवागमन के लिए चार-चार लिफ्ट उपलब्ध कराई गई हैं।इसके साथ ही इन स्टेशनों पर प्रस्तावित 15 एस्केलेटर का इंस्टॉलेशन कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
‘मेक इन इंडिया’ के तहत निर्मित लिफ्ट
यात्रियों की सुविधा और गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए सभी लिफ्ट ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत भारत में निर्मित की गई हैं, जिससे स्वदेशी तकनीक को भी बढ़ावा मिला है।
अंडरग्राउंड स्टेशनों पर भी तेज़ी से काम
कॉरिडोर–1 के बैलेंस सेक्शन के अंतर्गत झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर अंडरग्राउंड स्टेशनों पर सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य भी तेजी से चल रहा है। यहां अधिकांश लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जा चुके हैं।
प्रगति की समीक्षा (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन स्टेशनों का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और ऊर्जा दक्ष सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेट्रो परियोजना पर कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।
जल्द शुरू होगी सेवा
अधिकारियों के अनुसार, बारादेवी से नौबस्ता तक के सेक्शन में बुनियादी सुविधाओं के तैयार होने से इस मार्ग पर मेट्रो संचालन शुरू करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम पूरा हो गया है, जिससे यात्रियों को जल्द ही बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।


