Kanpur । एमराल्ड गार्डेन सोसाइटी में आयोजित एमराल्ड गार्डन प्रीमियर लीग (ईजीपीएल) सीजन-2 में गुरुवार को खेले गए तीन मुकाबलों में एमवीएम धुरंधरस, बीके कॉम्बैटेंट और फॉर्चून लायंस ने जीत दर्ज की। पहले महिला मुकाबले में एमवीएम धुरंधरस ने उन्नति अपराइजर को 10 विकेट से हराया, जबकि अन्य मैचों में बीके कॉम्बैटेंट ने कनिष्क हिटर्स को 32 रन और फॉर्चून लायंस ने एसआरए स्ट्राइकर्स को एक विकेट से पराजित किया। एमराल्ड गार्डेन परिसर में खेले गए पहले महिला मैच का उद्घाटन दिव्या भांडोह ने किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्नति अपराइजर ने सात ओवर में 69 रन बनाए। टीम की ओर से श्रेया ने 18 और स्वाति ने 13 रन बनाए। गेंदबाजी में शालू गोयल, श्वेता जिंदल और स्तुति ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में एमवीएम धुरंधरस ने 8.4 ओवर में दो विकेट पर 70 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। नैना ने 11 और नैना जैन ने 10 रन की पारी खेली। उन्नति अपराइजर की ओर से गरिमा और नंदिनी ने एक-एक विकेट लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए नैना जैन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
उन्हें यह सम्मान मुख्य अतिथि दिव्या भांडोह ने प्रदान किया। दूसरे मुकाबले में बीके कॉम्बैटेंट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में छह विकेट पर 226 रन बनाए। टीम की ओर से आदि ने 42 और मोहित शुक्ला ने 28 रन की पारी खेली। कनिष्क हिटर्स की ओर से गेंदबाजी में गौरव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कनिष्क हिटर्स की टीम 15.5 ओवर में 194 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अपूर्व ने 37 और गौरव ने 30 रन बनाए।
बीके कॉम्बैटेंट की ओर से आदि, गौरव और मयंक ने दो-दो विकेट लिए। इस मैच में प्रदीप खंडेलवाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार राजकुमार राठी ने दिया। तीसरे मुकाबले में एसआरए स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में नौ विकेट पर 200 रन बनाए। राजकुमार ने 39 और सिद्धार्थ ने 33 रन का योगदान दिया। फॉर्चून लायंस की ओर से गौरव जैन ने तीन, जबकि हनी और अनिमेष ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में फॉर्चून लायंस ने 14.2 ओवर में नौ विकेट पर 201 रन बनाकर रोमांचक जीत हासिल की। टीम की ओर से संचित और अनिमेष ने 40-40 तथा शुभम ने 30 रन बनाए। एसआरए स्ट्राइकर्स के ऋषभ ने चार विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए अनिमेष गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह सम्मान अनूप साहू ने प्रदान किया।


