सफाई सिस्टम फेल: निरीक्षण में 63 में से 46 कर्मचारी नदारद
Kanpur। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सोमवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के औचक निरीक्षण में वार्ड-61 की हकीकत सामने आई, जहां तैनात 63 कर्मचारियों में से 46 मौके से नदारद मिले। हालात देख नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मस्टर रोल और फेस रीडिंग मशीन के आंकड़ों में भारी गड़बड़ी पाई गई। नियमित, आउटसोर्स और संविदा कर्मचारियों की बड़ी संख्या अनुपस्थित मिली। इस पर सफाई पर्यवेक्षक मनोज का वेतन रोकने के साथ एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए, जबकि जोनल स्वच्छता अधिकारी देवेंद्र कुमार को जोन-4 से हटाकर मुख्यालय संबद्ध कर दिया गया। डॉ. चंद्रशेखर को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
अप्रैल तक बनेगा ‘आदर्श पैच’
माता स्वरूप रानी मार्ग पर चल रहे सीएम ग्रिड कार्य का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने निर्माण एजेंसी को पोल शिफ्टिंग सहित सभी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अप्रैल अंत तक हर हाल में ‘आदर्श पैच’ तैयार होना चाहिए।
रामनवमी पर 24 घंटे अभियान
रामनवमी को देखते हुए रावतपुर स्थित रामलला मंदिर और जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर विशेष सफाई, चूना छिड़काव और पैचवर्क के निर्देश दिए गए। आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए 24 घंटे अभियान चलाने को कहा गया।
मंडियां होंगी शिफ्ट
जाम की समस्या से निपटने के लिए रावतपुर क्रॉसिंग सब्जी मंडी और गोल चौराहा फल मंडी को पीछे शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।


